मेदिनीनगर। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में बुधवार शाम विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला पर चाकू से हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

घायलों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव निवासी मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल मेदिनीनगर स्थित MMCH ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
विवाद के बाद बढ़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे छेड़खानी को लेकर उत्पन्न विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा वारदात में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं।



