रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विनय सिन्हा दीपु ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने हाल के दिनों में JPSC मामले में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए युवाओं के हित में कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि JPSC से जुड़ी शिकायतें सामने आने के बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए CID जांच के आदेश दिए, जिससे युवाओं में निष्पक्ष जांच की उम्मीद जगी। साथ ही, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की दिशा में सरकार के फैसलों की सराहना की गई है।
कांग्रेस महासचिव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि CID जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि परीक्षा प्रणाली में शामिल दोषियों और दलालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो सके। इसके अलावा इस मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का भी सुझाव दिया गया है, जिससे आरोपियों को शीघ्र सजा मिल सके।
पत्र में यह भी आग्रह किया गया है कि JPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ सरकार नियमित संवाद स्थापित करे, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों को सीधे सुना जा सके। साथ ही, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित और पारदर्शी परीक्षा कैलेंडर जल्द जारी करने की मांग भी की गई है, जिससे अभ्यर्थियों का समय बर्बाद न हो और वे नई तैयारी के साथ आगे बढ़ सकें।
विनय सिन्हा दीपु ने अपने पत्र में विश्वास जताया है कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में काम जारी रखेगी।



