रांची: झारखंड रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह के लिए तय की गई 2,100 रुपये की फीस को लेकर छात्रों में नाराजगी है। गुरुवार को आजसू छात्र संघ के साथ छात्रों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर रांची जिला प्रशासन और पुलिस की टीम भी तैनात रही।
छात्रों का कहना है कि पहले दीक्षांत समारोह के लिए 300 से 600 रुपये तक शुल्क लिया जाता था। ऐसे में अचानक फीस बढ़ाकर 2,100 रुपये कर देना छात्रों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला फैसला है।
छात्रों ने कहा- पहले से लिया जा रहा 900 रुपये शुल्क
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि सीएलसी और माइग्रेशन के नाम पर पहले ही 900 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। इसके बाद दीक्षांत समारोह के लिए 2,100 रुपये अलग से लेना छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को फीस तय करते समय छात्रों की आर्थिक स्थिति को भी ध्यान में रखना चाहिए। इसी मांग को लेकर आजसू छात्र संघ और छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
सरकार से शिक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की मांग
प्रदर्शन के दौरान आजसू छात्र संघ ने झारखंड सरकार से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई मांगें रखीं। संघ ने शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था के साथ-साथ छात्रवृत्ति और नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सरकार का ध्यान देने की मांग की।
इसके अलावा छात्र संघ ने विश्वविद्यालय में शिक्षकों की योग्यता और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया की जांच कराने की मांग भी उठाई।
छात्रों का कहना है कि दीक्षांत समारोह की फीस समेत विश्वविद्यालय से जुड़े दूसरे मामलों पर भी छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
इसे भी पढ़े – रांची DMO साहब..आंखों पर पट्टी तो है लेकिन नो….की पट्टी क्या ?


