राँची: चतरा के लोजपा (आर) विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के अपहरण और मारपीट का मामला आखिरकार FIR तक पहुंच गया है। एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर हुए विवाद के बाद विधानसभा थाना पुलिस ने सौरभ की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में यूनिवर्सिटी के छात्र लक्की राज को मुख्य आरोपी बताया गया है, जबकि कुल नौ लोगों को नामजद किया गया है।
Jharkhand Digital ने इस मामले का खुलासा करते हुए साफ कर दिया था कि लोजपा विधायक के बेटे को उठाने के मामले में भाजपा के युवा मोर्चा मंजडल अध्यक्ष रौनक सिंह का नाम सामने आया है. पहली खबर में ही विधायक पुत्र को नशे की हालत में था। मिली जानकारी के अनुसार उसे जबरन वाहन में ले जाने की घटना, रौनक राजपूत समेत कुछ युवकों के नाम सामने आने और पुलिस की सक्रियता से जुड़ी जानकारी विस्तार से सामने रखी गई थी। अब FIR दर्ज होने के बाद मामले में आरोपों और नामजद लोगों को लेकर तस्वीर आगे बढ़ी है।
विवाद से शुरू हुआ मामला, फिर सामने आया अपहरण का आरोप
FIR के मुताबिक, 7 सितंबर की शाम करीब चार बजे 26 वर्षीय सौरभ कुमार क्लास खत्म करने के बाद अपने दोस्तों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास खड़े थे। इसी दौरान यूनिवर्सिटी के जूनियर छात्र लक्की राज की अमरदीप से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद बढ़ने के बाद लक्की राज ने फोन कर यूनिवर्सिटी के बाहर से कुछ युवकों को बुलाया।
इसके बाद दो काले रंग की स्कॉर्पियो से करीब 10-12 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके पास लाठी-डंडे थे और उन्होंने सौरभ तथा उनके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सौरभ को गाड़ी में जबरन बैठाया गया
शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान सौरभ के दोस्त अनमोल को धक्का देकर गिरा दिया गया। इसके बाद सौरभ को जबरन एक वाहन में बैठाकर वहां से ले जाया गया। सौरभ ने FIR में आरोप लगाया है कि चलती गाड़ी में उनका गला दबाया गया, जिससे उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हुई। इसी दौरान मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सौरभ के दोस्तों और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी शुरू की। शिकायत के मुताबिक, पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपियों ने सौरभ को विधानसभा थाना क्षेत्र में छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।
FIR में रौनक राजपूत समेत 9 नाम
विधानसभा थाना में दर्ज FIR में लक्की राज के अलावा आयुष मिश्रा, प्रकाश कुमार, रौनक सिंह, प्रीतम सिंह, राहुल बनिया, बाबू साहेब आयुष, शौर्या राज और रोहित सिंह उर्फ तोता के नाम शामिल हैं। शिकायत में अन्य अज्ञात लोगों का भी जिक्र किया गया है।
पहली खबर में जिस रौनक राजपूत का नाम सामने आने की बात कही गई थी, अब दर्ज FIR में भी रौनक सिंह का नाम नामजद आरोपियों में शामिल है।
दरोगा के बेटे और भाजपा नेता के नाम से मामला हाई-प्रोफाइल
मामले की चर्चा इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे लक्की राज पुलिस पदाधिकारी का बेटा बताया है। वहीं, नामजद लोगों में रौनक सिंह भाजपा युवा मोर्चा मंडल के अध्यक्ष है।
इस तरह मामला विधायक परिवार, पुलिस पदाधिकारी के बेटे और राजनीतिक रूप से जुड़े व्यक्ति के नाम सामने आने से हाई-प्रोफाइल हो गया है। फिलहाल पुलिस सभी नामजद लोगों की भूमिका और घटना में उनकी वास्तविक संलिप्तता की जांच कर रही है।
समझौते की कोशिश हुई, लेकिन नहीं बनी बात
घटना सोमवार शाम की है, जबकि FIR मंगलवार शाम दर्ज की गई। इस दौरान मंगलवार को दिनभर दोनों पक्षों के बीच मामले को आपसी समझौते से खत्म कराने की कोशिश होती रही।
बताया जा रहा है कि मामले में दोनों पक्षों की स्थिति और कुछ प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के कारण समझौते की कोशिश की गई। लेकिन बात नहीं बनी और आखिरकार सौरभ कुमार की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
अब पुलिस जांच पर टिकी नजर
FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस के सामने घटना की पूरी कड़ी जोड़ने की जिम्मेदारी है। सौरभ को वाहन में ले जाने से लेकर मारपीट और सामान छीने जाने तक लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े – लोजपा विधायक के बेटे को उठाने में भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष का नाम !


