रांची: राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र के डैम साइड इलाके में छठी कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 21 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि आरोपी युवक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त नाबालिग बच्ची घर में अकेली थी। इसी दौरान उसी मोहल्ले में रहने वाला एक युवक उसके घर पहुंचा। आरोप है कि युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद वहां से फरार हो गया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में भी मामला चर्चा में है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और मोहल्ले में उसकी छवि भी ठीक नहीं बताई जाती है। स्थानीय स्तर पर उसके खिलाफ पहले भी अलग-अलग तरह के आरोप लगने की बात कही जा रही है। इनमें से कुछ मामले थाने तक पहुंचने की भी जानकारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



