आगरा के पचगाईं खेड़ा क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद एकता थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में किशोरी का शव मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना में सिर्फ पिता का ही हाथ सामने आया है, हालांकि मां के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।
दूसरी बिरादरी के युवक से दोस्ती बनी वजह
आरोपी की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है और बेटी इंटर की छात्रा थी। उसकी गांव के ही एक युवक से दोस्ती थी, जो दूसरी बिरादरी का था। मंगलवार शाम बिना बताए घर से निकली नाबालिग रात करीब एक बजे लौटी, जिसके बाद घर में दो दिन से विवाद चल रहा था। पिता को डर था कि अगर बेटी घर छोड़कर चली गई तो समाज में परिवार की बदनामी होगी।
अकेले में मौका पाकर की वारदात
गुरुवार दोपहर बेटा गुरुग्राम और पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान बेटी घर में अकेली सो रही थी। पिता ने बांक से उसके सिर पर वार किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
बिना किसी पछतावे के किया सरेंडर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कोई पश्चाताप नहीं दिखाया और कहा कि उसे अपने किए पर कोई अफसोस नहीं है। पुलिस अब लड़की के दोस्त से भी पूछताछ करेगी और मामले की जांच के लिए घर से मोबाइल फोन भी जब्त करेगी।
इसे भी पढ़े – भारत का यह मंदिर जहां आज भी गूंजती है कृष्ण की बांसुरी
