रांची। सरला बिरला स्कूल स्थित जी.डी. बिरला सभागार में झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने की। आम सभा में आगामी सत्र में राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं के आयोजन, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की तैयारी, संगठन की गतिविधियों और महिला खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही अस्मिता वुमन लीग समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

जूनियर, सीनियर और सब-जूनियर प्रतियोगिताओं की तिथि तय
बैठक में आगामी सत्र के लिए राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं के आयोजन की तारीख और स्थान निर्धारित किए गए। निर्णय के अनुसार झारखंड राज्य जूनियर वुशू प्रतियोगिता 3 और 4 अक्टूबर 2026 को सिल्ली, झारखंड राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को देवघर तथा झारखंड राज्य सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता 21 और 22 नवंबर 2026 को धनबाद में आयोजित की जाएगी।
इन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी और टीमें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे झारखंड के खिलाड़ी
आम सभा में आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को लेकर भी जानकारी दी गई। झारखंड के चयनित खिलाड़ी 23वीं जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, जो 28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक चेन्नई में प्रस्तावित है, में हिस्सा लेंगे। वहीं 36वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 14 नवंबर 2026 तक ईटानगर में तथा 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता 18 से 23 दिसंबर 2026 तक भुवनेश्वर में आयोजित होगी।
इसके अलावा झारखंड के खिलाड़ी फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविरों में प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया।
अस्मिता वुमन लीग के विस्तार पर जोर
बैठक में राज्य के 16 जिलों में आयोजित की जा रही अस्मिता वुमन लीग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अब तक सात जिलों में लीग का आयोजन हो चुका है। आम सभा में निर्णय लिया गया कि इसे राज्य के अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिल सके।
एसोसिएशन की ओर से महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बायलॉज को आम सभा की मंजूरी
बैठक में नेशनल गवर्नेंस एक्ट और वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉज को भी अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही जिला स्तर पर बायलॉज के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
आम सभा में पिछले सत्र की बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन, ऑडिट रिपोर्ट, आगामी सत्र के बजट और संगठन की भविष्य की गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर डॉ. प्रदीप वर्मा का सम्मान
वार्षिक आम सभा के दौरान झारखंड वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर संघ के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार में समन्वय आवश्यक है। सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झारखंड में वुशू को और मजबूत बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास जरूरी है।
खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य
डॉ. वर्मा ने झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और बेहतर अवसरों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने पर जोर दिया।
बैठक में डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, दीपक दुबे, एम. कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, मृत्युंजय कुमार राय, शशि कुमार, संजय राजभर, प्रदीप महतो, अमूल्य मिश्रा, दिनेश यादव, राजी अहमद, विवेकानंद, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश साहू, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार, दीपक गोप, संजय साहू, एल. प्रदीप सिंह, सुमित घोषाल और शिवेन्द्र दुबे समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



