Thursday, September 10

धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में यूट्यूबर और ब्लॉगर आर्यन केल्विन के पब्लिक मीट कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम में जुटी भीड़ देखते ही देखते बेकाबू हो गई, जिसके बाद मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोग स्टेज की ओर बढ़ गए और पंडाल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

बड़े स्तर पर हुई थी कार्यक्रम की तैयारी

आर्यन केल्विन की ओर से गोल्फ ग्राउंड में इस पब्लिक मीट के लिए स्टेज, डीजे और साउंड सिस्टम के साथ बड़े स्तर पर तैयारी की गई थी। इसमें झारखंड के विभिन्न इलाकों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी बीच मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा हो चुकी थी, जिसके चलते प्रशासन ने आयोजकों को डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक लगाते हुए कार्यक्रम को सादगी से आयोजित करने का निर्देश दिया था।

भीड़ बढ़ते ही बिगड़े हालात

प्रशासन के निर्देश के बावजूद कार्यक्रम शुरू होने के बाद धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और कुछ ही देर में स्थिति अचानक बिगड़ गई। लोग हंगामा करने लगे और मारपीट शुरू हो गई। भीड़ स्टेज तक पहुंच गई तथा पंडाल में तोड़फोड़ की गई, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और अंततः कार्यक्रम को बंद कराना पड़ा।

जांच शुरू, दोषियों पर होगी कार्रवाई

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि डीजे और लाउडस्पीकर बजाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम शाम को कार्यक्रम स्थल पहुंची थी और उसे बंद भी करा दिया गया था, इसके बावजूद रात में हंगामा हुआ। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तोड़फोड़-मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Share.
Next Story
छात्रों के मुद्दे पर भाजपा का चार दिवसीय आंदोलन, 24 जिलों में प्रदर्शन और DC-SP कार्यालयों का घेराव
Exit mobile version