Saturday, October 24

रांची: झारखंड में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बनेगी। यह दावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को रांची में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए किया। सुकुरहुटू रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए अराजकता और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत की चर्चा हो रही है। देश लगातार प्रगति कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देश विकास के नए लक्ष्य हासिल करने की ओर अग्रसर है।

हेमंत सरकार पर साधा निशाना

झारखंड की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज में पारदर्शिता का अभाव है और राज्य में अराजकता का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीयत में खोट है और वह देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। ये आरोप नितिन नवीन ने अपने राजनीतिक संबोधन के दौरान लगाए। नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘टूलकिट’ की तरह काम करने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दल संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं।

आदित्य साहू के नेतृत्व में जुटे भाजपा नेता

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। बैठक का उद्देश्य राज्य में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करना और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय करना है।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी संगठन तथा राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। भाजपा की इस बैठक को झारखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Share.
Next Story
बड़की पुन्नू–रजरप्पा मार्ग पर 35 हाथियों का झुंड, सफर करने से पहले बरतें सावधानी
Exit mobile version