Friday, October 16

रांची यातायात पुलिस ने अगस्त माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक, यातायात के निर्देश पर 1 से 29 अगस्त तक चलाए गए इस विशेष अभियान में चारपहिया, दोपहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान कुल 91,209 चालान काटे गए, जिनकी कुल राशि 6 करोड़ 39 लाख 98 हजार 950 रुपये है। इसके अलावा 268 मामलों को न्यायालय में अभियोजन के लिए भेजा गया।

हेलमेट न पहनने पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

जारी आंकड़ों के अनुसार, हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ सबसे अधिक 45,724 चालान किए गए। इसके बाद नो-पार्किंग में 30,732, ओवरस्पीड के 4,047 और रेड लाइट उल्लंघन के 3,796 चालान काटे गए। गलत दिशा में वाहन चलाने पर भी सख्ती बरतते हुए 3,311 चालान किए गए।

अन्य उल्लंघनों पर भी हुई सख्त कार्रवाई

पुलिस ने बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 416, फिक्सचर लाइट पर 272, बिना वर्दी के 129, फैंसी नंबर प्लेट पर 163, नो एंट्री में 812, बिना बीमा के 130 और सीट बेल्ट न लगाने पर 206 चालान किए। इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग के 36, शराब पीकर वाहन चलाने के 54, अतिरिक्त सवारी बैठाने के 243 और प्रेशर हार्न इस्तेमाल करने पर 83 चालान काटे गए। पिलियन राइडिंग के 324, प्रदूषण संबंधी 229, टो वाहन के 70, मॉडिफाइड साइलेंसर के 66 और ब्लैक फिल्म के आठ मामलों में भी कार्रवाई हुई। अन्य उल्लंघनों पर 358 चालान जारी किए गए।

न्यायालय भेजे गए 268 मामले

न्यायालय में अभियोजन के लिए भेजे गए 268 मामलों में ऑटो/टोटो से जुड़े 14, नंबर प्लेट के 16 और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण से जुड़े 238 मामले शामिल हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मोटरयान अधिनियम का पालन करें — दोपहिया चालक हेलमेट और चारपहिया चालक सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।

इसे भी पढ़े – दिल्ली में एक और निर्भया कांड! चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप, दो गिरफ्तार

 

Share.
Next Story
झारखंड की 4,345 ग्राम पंचायतें eGramSwaraj से जुड़ीं, 4,039 पंचायतों का डिजिटल ऑडिट पूरा
Exit mobile version