जमशेदपुर: गोलमुरी के केनरा बैंक में करोड़ों की डकैती के बाद अब पुलिस की जांच बदमाशों के भागने के रास्ते तक पहुंच गई है। शहर में अलग-अलग जगहों पर लगे करीब 70 CCTV कैमरों की फुटेज को जोड़कर पुलिस ने पांचों डकैतों का रूट ट्रेस कर लिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद सभी बदमाश परसुडीह की ओर भागे थे।

पुलिस के मुताबिक, बैंक से करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 33 करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात लूटने के बाद बदमाश उन्हीं स्कूटी और बाइक से आगे बढ़े, जिनसे वे बैंक पहुंचे थे। CCTV फुटेज में रास्ते के अलग-अलग हिस्सों में उनकी गतिविधियां कैद हुई हैं।
न वाहन बदले, न रास्ते में रुके
अब तक की जांच में पुलिस को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि बदमाशों ने भागने के दौरान वाहन बदले हों। पुलिस के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वे लगातार आगे बढ़ते रहे और उनका मूवमेंट अलग-अलग CCTV कैमरों में ट्रेस होता गया।
पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज को एक-दूसरे से जोड़कर उनके भागने की दिशा तय की है। इसी आधार पर अब उन संभावित ठिकानों की पहचान की जा रही है, जहां बदमाश वारदात के बाद पहुंच सकते हैं।
रूट के आधार पर कई जगह छापेमारी
CCTV से मिले सुराग के बाद पुलिस ने कई टीमों को अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए लगाया है। जांच का फोकस अब उस रूट और उससे जुड़े इलाकों पर है, जहां से बदमाश वारदात के बाद गुजरे थे।
हालांकि, अब तक पांचों डकैतों में से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी सुरागों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।


