रांची। राजधानी रांची में चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और पूर्व में हुई वारदातों के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेन स्नेचिंग के मामलों के त्वरित उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक सदर और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित आवागमन मार्ग, संवेदनशील स्थानों और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की गई। इसके बाद अपराध नियंत्रण के लिए कई निर्देश जारी किए गए।
हॉटस्पॉट पर गश्ती, सादे लिबास में तैनाती
निर्देश के अनुसार चेन स्नेचिंग के हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नियमित गश्ती की जाएगी। इन क्षेत्रों में सादे लिबास में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। अपराधियों के संभावित रूट पर पुलिस बल की तैनाती और वाहन चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर संबंधित स्थानों पर विशेष बल की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।
पुरानी घटनाओं का होगा केसवार-स्थानवार विश्लेषण
पूर्व में हुई घटनाओं का केसवार और स्थानवार विश्लेषण कर उनके पैटर्न, अपराधियों के संभावित रूट और एग्जिट प्वाइंट की पहचान की जाएगी। घटनास्थलों और संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज की व्यवस्थित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। जहां CCTV उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्थानीय स्तर पर कैमरे लगाने को प्रोत्साहित किया जाएगा।
टेक्निकल सेल को नेटवर्क खंगालने का निर्देश
टेक्निकल सेल को CCTV, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के जरिए अपराधियों की पहचान करने और उनके नेटवर्क का पता लगाने का निर्देश दिया गया है।
पुराने अपराधियों की प्रोफाइलिंग, जेल से बाहर आए आरोपियों पर नजर
पहले चेन स्नेचिंग या इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन किया जा रहा है। जेल से बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के बाजारों, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महिलाओं की आवाजाही वाले प्रमुख इलाकों में विशेष सतर्कता और गश्ती सुनिश्चित करें। चेन स्नेचिंग की हर घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने, अनुसंधान करने और गिरफ्तारी की कार्रवाई करने को कहा गया है।
फील्ड पुलिसिंग और तकनीकी निगरानी का होगा एकीकरण
SSP ने निर्देश दिया कि फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और पूर्व अपराधियों के सत्यापन को एकीकृत करते हुए कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने पूर्व के मामलों का शीघ्र उद्भेदन करने और संलिप्त अपराधियों व उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।


