डॉक्यूमेंट्री के जरिए संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के योगदान को किया गया याद, विद्यार्थियों को जिम्मेदार नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया गया जागरूक
रांची। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची में संविधान दिवस के अवसर पर संवैधानिक मूल्यों, जिम्मेदार नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी नेतृत्व, नीति एवं सुशासन केंद्र (एबीवीसीएलपीजी) ने पॉलिनॉमिक्स क्लब के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें संविधान की वर्तमान प्रासंगिकता पर चर्चा के साथ विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री उदय सहाय उपस्थित रहे। इसके अलावा आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव, एबीवीसीएलपीजी के चेयरपर्सन प्रो. अमरेंदु नंदी, प्रो. सेंथिल कुमार ए. और डीन अकादमिक प्रो. तनुश्री दत्ता ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
संविधान के आदर्शों को जीवन और नेतृत्व में अपनाने पर जोर
कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में प्रो. सेंथिल कुमार ए. ने 26 नवंबर को संविधान अपनाए जाने के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. बी.आर. आंबेडकर के न्याय, समानता, गरिमा और सामाजिक लोकतंत्र के आदर्शों का उल्लेख किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए मानवीय गरिमा और अपने भविष्य को निर्धारित करने में लोगों की भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों को आईआईएम रांची के समग्र विकास के दृष्टिकोण से जोड़ना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और विचारों का उपयोग समाज के हित में जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता श्री उदय सहाय की पेशेवर यात्रा और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के योगदान को डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संविधान समाज के संचालन के नियम तय करने के साथ नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की रक्षा करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान को समझने और इसके निर्माण में योगदान देने वाले लोगों के प्रयासों को जानने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉक्यूमेंट्री में डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के योगदान को किया गया प्रदर्शित
कार्यक्रम के दौरान संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के जीवन और योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की गई। इसका निर्माण सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री उदय सहाय ने किया है।
डॉक्यूमेंट्री में डॉ. सिन्हा के जीवन के विभिन्न पहलुओं और भारतीय संवैधानिक इतिहास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को एआई सिनेमेटिक वीडियो के माध्यम से दर्शाया गया। 10 नवंबर 1871 को बिहार के बक्सर जिले के मुरार गांव में जन्मे डॉ. सिन्हा प्रतिष्ठित न्यायविद्, पत्रकार, शिक्षाविद् और राजनेता थे।
उनके योगदान में बिहार को अलग प्रांत बनाने के आंदोलन, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में 1936 से 1944 तक की भूमिका और संविधान सभा की पहली बैठक की अध्यक्षता करना प्रमुख रूप से शामिल रहा। संविधान सभा के सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के कारण उन्होंने 9 दिसंबर 1946 को सभा की पहली बैठक की अध्यक्षता की थी।
संविधान को बताया निर्णय लेने का मार्गदर्शक
मुख्य वक्ता श्री उदय सहाय ने अपने संबोधन में व्यक्तिगत मूल्यों, पेशेवर आचरण और जिम्मेदार नेतृत्व के निर्माण में भारतीय संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने प्रशासनिक और मीडिया अनुभव साझा करते हुए कहा कि संविधान देश के संस्थापकों की ओर से स्थापित सर्वोच्च मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है।
अर्थशास्त्री डगलस सी. नॉर्थ की ‘नियमों का ढांचा’ अवधारणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान प्रशासन, व्यवसाय और समाज में निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है। भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को व्यक्तिगत हितों के बजाय संवैधानिक मूल्यों के आधार पर समावेशी निर्णय लेने की जरूरत है।
श्री सहाय ने भारत की विविध संस्कृति और सामाजिक संरचना का उल्लेख करते हुए व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद के उदाहरणों के माध्यम से बताया कि किस तरह महान व्यक्तित्वों ने क्षेत्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया।
उन्होंने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के जीवन में ज्ञान, दान और बलिदान के मूल्यों का उल्लेख करते हुए उनके बौद्धिक योगदान, समाज कल्याण के लिए किए गए परोपकारी कार्यों और ब्रिटिश सरकार की नाइटहुड की उपाधि अस्वीकार करने के निर्णय पर भी चर्चा की।
मीडिया साक्षरता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर चर्चा
प्रश्नोत्तर सत्र में फिल्म निर्माण में रचनात्मक स्वतंत्रता और जिम्मेदारी से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए श्री सहाय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ असीमित स्वतंत्रता नहीं है। रचनात्मक कार्यों में भी संवैधानिक और कानूनी सीमाओं का पालन करना जरूरी है।
बदलते मीडिया परिदृश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले पारंपरिक मीडिया में संपादकीय स्तर पर खबरों की जांच और चयन की व्यवस्था थी, जबकि सोशल मीडिया ने हर व्यक्ति को कंटेंट निर्माता, रिपोर्टर और प्रकाशक बनने का अवसर दिया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मीडिया साक्षरता के महत्व से अवगत कराते हुए किसी भी जानकारी की सत्यता, उसके स्रोत, स्वामित्व और उसके पीछे मौजूद विचारधारा को समझने की सलाह दी।
क्विज और निबंध प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में ऋषव चौधरी ने प्रथम, दिशा बुचा ने द्वितीय और वल्लभ विभु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के बीच आयोजित निबंध प्रतियोगिता में केतन जाधव प्रथम, आयुष कौरव द्वितीय और अहरीन साहा तृतीय रहे।
वहीं, कर्मचारियों की निबंध प्रतियोगिता में चक्रभूषण पांडेय प्रथम, नरोत्तम साहू द्वितीय और अभिषेक रॉय व प्रीतिका सिन्हा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रो. अमरेंदु नंदी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
