नगर निगम की आम सूचना के बाद बनी थी असमंजस की स्थिति, नंद किशोर सिंह चंदेल ने सांसद से की थी पहल की मांग; प्रशासन ने दी दुकानें लगाने की अनुमति

रांची। दीपावली के त्योहार से पहले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पटाखा दुकानों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति अब दूर होती दिख रही है। रांची नगर निगम की ओर से जारी आम सूचना के बाद परेशान पटाखा दुकानदारों को राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी के हस्तक्षेप से राहत मिली है। उपायुक्त के स्तर पर सकारात्मक पहल के बाद स्टेडियम परिसर में पटाखा दुकानें लगाने की अनुमति देने का आदेश जारी किया गया है।
इस मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता नंद किशोर सिंह चंदेल ने पहल की थी। उन्होंने दुकानदारों की समस्याओं को लेकर सांसद डॉ. महुआ माजी से फोन पर बातचीत की और उनके सामने छोटे व्यापारियों की परेशानी रखी। साथ ही त्योहार के दौरान दुकानदारों की आजीविका प्रभावित नहीं होने देने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया।
छोटे कारोबारियों को मिली बड़ी राहत
सांसद डॉ. महुआ माजी के हस्तक्षेप के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के स्तर पर मामले में सकारात्मक पहल हुई। इसके बाद पटाखा दुकानों को लगाने की अनुमति देने का आदेश दिया गया। इस फैसले से पटाखा कारोबार से जुड़े छोटे दुकानदारों को राहत मिलने की उम्मीद है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के समय दुकान लगाने की अनुमति नहीं मिलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता था।
प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति जताया आभार
दुकानदारों ने इस मामले में पहल करने के लिए सांसद डॉ. महुआ माजी और झामुमो नेता नंद किशोर सिंह चंदेल का आभार जताया। इसके साथ ही रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, एडीएम धनंजय और रांची सदर अंचल अधिकारी शिव शंकर पांडे के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।
कई दुकानदारों ने की पहल की सराहना
इस मौके पर अर्जुन सिंह उर्फ भोलू, विनय सिंह, विक्की वर्मा, राजेश वर्मा, पिंटू पासवान, पिंकू साव, भोलू वर्मा, बंटी वर्मा, दिलीप सिंह, सबलू मुंडा, राम पांडे, रोहन सिंह, राहुल मुंडा, सुजल सोनी, सोमू बनर्जी और अंकित सहित अन्य पटाखा दुकानदार मौजूद रहे। दुकानदारों ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से छोटे कारोबारियों की समस्याओं का समाधान संभव है।


