भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। चीन के मोकी में शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत में कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल दागे, जबकि एक गोल सुखविंदर ने किया। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ने एकमात्र गोल किया।
भारत अब 13 सितंबर को होने वाले फाइनल में पाकिस्तान और साउथ कोरिया के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा। भारत इस टूर्नामेंट का डिफेंडिंग चैंपियन है और अब उसके पास लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।
पूल स्टेज में दिखाया दबदबा, फाइनल तक का सफर रहा शानदार
पूल-ए में टॉप करने के बाद भारत का सामना सेमीफाइनल में पूल-बी की दूसरे नंबर की टीम मलेशिया से हुआ। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 14-0 की बड़ी जीत से की, जिसमें अनमोल एक्का ने 4, अजीत यादव ने 3 और प्रभदीप सिंह ने 5 गोल दागे। इसके बाद जापान के साथ मैच 3-3 से ड्रॉ रहा। भारत ने साउथ कोरिया को 7-3 से हराया, जिसमें अनमोल एक्का ने फिर 2 गोल किए। पूल स्टेज के आखिरी मैच में भारत ने चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदा, जिसमें अनमोल एक्का ने अकेले 6 गोल किए। भारत ने पूल स्टेज में कुल 39 गोल किए और सिर्फ 6 गोल खाए।
पांच बार का चैंपियन, वर्ल्ड कप टिकट भी पक्का
भारत 2023 और 2024 में लगातार दो बार पाकिस्तान को हराकर खिताब जीत चुका है और कुल पांच बार जूनियर एशिया कप चैंपियन बन चुका है। साथ ही, सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत, मलेशिया, पाकिस्तान और साउथ कोरिया ने 2027 जूनियर वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
