Tuesday, October 27

रांची: रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा से बरामद किया गया है। 31 वर्षीय देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे। उनके लापता होने के बाद से रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल उनकी तलाश में जुटे थे। अब शव मिलने के बाद उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ट्रेन में सफर के दौरान हुए थे लापता

देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को अपने दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन दोपहर करीब 2:25 बजे रांची स्टेशन से रवाना हुई थी। सफर के दौरान देवपालिक ने कुछ खाने के लिए पैंट्री कार जाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उनके साथी ने पैंट्री कार और ट्रेन के अन्य कोच में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

मुरी स्टेशन पर दर्ज कराई गई थी शिकायत

देवपालिक के लापता होने के बाद उनके साथियों ने मुरी जंक्शन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, देवपालिक मुरी स्टेशन पर ट्रेन से उतरते हुए नहीं दिखे थे। उनका मोबाइल फोन भी बंद मिल रहा था।

मोबाइल की आखिरी लोकेशन के आधार पर तलाश

लापता युवक की तलाश के दौरान पुलिस ने ट्रेन में सफर कर रहे दो यात्रियों से पूछताछ की और मोबाइल की आखिरी लोकेशन का पता लगाया। लोकेशन रांची के जोन्हा इलाके में मिलने के बाद पुलिस ने वहां खोजबीन शुरू की। इसी दौरान देवपालिक का शव बरामद किया गया।

मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं

देवपालिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह ट्रेन से लापता होने के बाद जोन्हा कैसे पहुंचे, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Share.
Next Story
बैंक ऑफ इंडिया और एसयूडी लाइफ ने दिवंगत ग्राहक के परिवार को सौंपा 18.79 लाख रुपये का क्लेम चेक
Exit mobile version