रांची: CCL के एनके-पिपरवार और मगध-आम्रपाली क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और भंडारण के खिलाफ CISF ने दो अलग-अलग कार्रवाई की। धमधमिया जंगल और फुलबसिया साइडिंग के पीछे हुई छापेमारी में टीम ने कुल 70 टन अवैध कोयला बरामद किया। इसके अलावा विद्युत तार और इलेक्ट्रिक सबमर्सिबल पंप समेत खनन में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला।

पहली कार्रवाई CCL के एनके-पिपरवार क्षेत्र के धमधमिया जंगल में हुई। CISF कमांडेंट अमित कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को टीम ने इलाके में सघन अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में छिपाकर रखा करीब 20 टन कोयला, 80 किलो विद्युत तार और एक इलेक्ट्रिक सबमर्सिबल पंप बरामद किया गया।
CISF की टीम ने मौके पर अवैध बिजली कनेक्शन भी काटे। कार्रवाई में सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा, निरीक्षक एल.एस. मिंज और पंकज झा समेत अन्य जवान शामिल रहे। बरामद कोयले को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए CCL प्रबंधन से लॉजिस्टिक सहयोग मांगा गया है।
फुलबसिया में 50 टन कोयला बरामद
दूसरी कार्रवाई टंडवा के मगध-आम्रपाली क्षेत्र में फुलबसिया साइडिंग के पीछे की गई। सहायक कमांडेंट सुभाष कुमार के निर्देश और निरीक्षक एस.एन. व्यास के नेतृत्व में टीम ने इलाके की जांच की। यहां करीब 50 टन अवैध कोयला डंप मिला, जिसे CISF ने बरामद कर लिया।
अब टीम इस बात की जानकारी जुटा रही है कि इतना कोयला वहां किसने जमा किया था और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।
ड्रोन से भी रखी जा रही नजर
CISF कमांडेंट अमित कुमार ने कहा है कि CCL की संपत्ति के अवैध खनन और चोरी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बल की ओर से सीमित संसाधनों के बावजूद 24 घंटे गश्त के साथ ड्रोन के जरिए भी संदिग्ध इलाकों पर निगरानी की जा रही है।
अवैध खनन और कोयले के कारोबार से जुड़े मामलों में MMDR Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। CISF की ओर से स्थानीय लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही गई है।


