रांची। झारखंड की राजनीति में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एक बयान ने सियासी विवाद को हवा दे दी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर निशाना साधते हुए भगवान राम और हनुमान जी से जुड़े एक प्रसंग को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। डॉ. अंसारी ने अपने X हैंडल में झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की एक फोटो शेयर किया जिसमे एक हनुमान बने कलाकार रघुवर दास के पैर छूते नजर आ रहे है , इरफान अंसारी ने अपने पोस्ट में लिखा ” झारखंड की जनता की एक गलती ने आपको मुख्यमंत्री क्या बना दिया, आप तो खुद को भगवान राम ही समझ बैठे! इतना अहंकार भी ठीक नहीं है। आखिर इसी घमंड ने आपको झारखंड की सत्ता से बाहर कर दिया।” हालाँकि इस फोटो की स्वतंत्र पुस्टि और रघुवर दास की और से बयान आना अभी बाकी है। डॉ. अंसारी ने रघुवर दास से तत्काल माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
‘खुद को भगवान राम समझ बैठे हैं रघुवर दास’
डॉ. इरफान अंसारी ने अपने बयान में कहा, “झारखंड को तो निगल गए रघुवर दास, कम से कम भक्तों को तो बख्श दीजिए।” उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता मिलने के बाद किसी को भी खुद को भगवान राम समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि भगवान राम का नाम सम्मान और श्रद्धा के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने बयान में राम और रावण का उल्लेख करते हुए रघुवर दास के कथित व्यवहार पर सवाल उठाए।
हनुमान जी के स्वरूप को लेकर जताई आपत्ति
डॉ. अंसारी ने एक ऐसे प्रसंग पर आपत्ति जताई, जिसमें उनके आरोप के मुताबिक हनुमान जी के स्वरूप में मौजूद कलाकार से रघुवर दास अपने पैर छुआ रहे थे। उन्होंने इसे अहंकार से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि भगवान राम और हनुमान जी करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला आचरण स्वीकार नहीं किया जा सकता।
माफी नहीं मांगी तो आंदोलन की चेतावनी
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रघुवर दास से इस मामले में तुरंत माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार किसी व्यक्ति को इतना अंधा नहीं बना देना चाहिए कि वह आस्था और मर्यादा के बीच का अंतर भूल जाए।
नोट: यह खबर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की ओर से दिए गए बयान पर आधारित है। संबंधित घटना का पूरा संदर्भ और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का पक्ष स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया जाना बाकी है।
इसे भी पढ़े : 23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वागत के लिए राजधानी तैयार
