रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिन्दी टंकण अर्हता धारक पद हेतु) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत आयोजित की जानी थी।

आयोग ने इस संबंध में 31 अगस्त 2026 को आवश्यक सूचना-05 जारी की है। नोटिस के सामने आने के बाद इस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच भी स्थिति स्पष्ट हो गई है कि विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत होने वाली संबंधित भर्ती परीक्षा अब आयोजित नहीं होगी।
आखिर क्यों रद्द हुई परीक्षा?
JSSC की ओर से जारी सूचना में परीक्षा रद्द करने की वजह भी स्पष्ट की गई है। आयोग के अनुसार, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने अपने पत्र संख्या 4919, दिनांक 29 जुलाई 2026 के माध्यम से विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत विज्ञापित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली हैं।
अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित करने का आधार ही नहीं रह गया। इसी वजह से JSSC ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को निरस्त कर दिया है।
इसे भी पढ़े – बड़गांई जमीन घोटाला मामले में सीएम हेमंत सोरेन पहुंचे हाईकोर्ट



