पलामू: जन्म के महज दो से तीन घंटे बाद एक नवजात बच्ची को सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया। बारिश और ठंड के बीच धान के खेत की मेढ़ पर पड़ी बच्ची करीब दो घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझती रही। गनीमत रही कि मछली पकड़ने निकले ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने बच्ची को सुरक्षित उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है।

घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहू गांव की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के पास एक सुनसान देवी मंदिर के नजदीक धान के खेत की मेढ़ पर तीन महिलाएं एक नवजात बच्ची को लेकर पहुंची थीं। उस समय बारिश के कारण खेतों में पानी भरा हुआ था और कुछ ग्रामीण वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर महिलाओं पर पड़ी। ग्रामीणों को देखकर दो महिलाएं मौके से भाग निकलीं, जबकि एक महिला को पकड़ लिया गया।
पकड़ी गई महिला की पहचान छतरपुर नगर पंचायत के मांडया गांव स्थित भलही टोला निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है। वह रविंद्र उरांव की पत्नी बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्ची को छोड़ने वाली महिला के पास मौजूद बैग और पॉलिथीन में सिंदूर, टिकली, कंघी और पूजा-पाठ से जुड़ी कुछ सामग्री भी मिली। इसी आधार पर ग्रामीणों ने अंधविश्वास या बलि से जुड़ी आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि मंजू देवी ने ही बच्ची को जन्म दिया था। दंपती के पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। यह उनकी पांचवीं संतान है। घटना की जानकारी मिलने पर मुंकेरी गांव के सामाजिक कार्यकर्ता जहीर अंसारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात को गर्म कपड़े में लपेटा और अपनी गाड़ी से मां-बच्ची को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। मां का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से फरार हुई दोनों महिलाओं की भूमिका और नवजात को सुनसान जगह पर छोड़ने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरी घटना की तस्वीर साफ हो सकेगी।


