धनबाद: कोयलांचल धनबाद के कतरास स्थित छाताबाद में भू-धंसान की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। महज 48 घंटे पहले पांच घरों के जमींदोज होने की घटना के बाद अब उसी इलाके में एक और बड़ा हादसा हो गया। छाताबाद ग्राउंड के पास जमीन धंसने से दर्जनभर से अधिक घर क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह एक महीने के भीतर उसी क्षेत्र में भू-धंसान की दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। हादसे के समय कुछ लोग घरों के अंदर मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, इस घटना में लोगों का लाखों रुपये का सामान मलबे में दब गया, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। प्रभावित इलाके को घेरकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पहले हादसे के बाद यदि स्थायी समाधान और सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो शायद इतनी जल्दी दोबारा ऐसी स्थिति नहीं बनती।
अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को मिलने वाली राहत पर टिकी है।
इसे भी पढ़े – 2114 दिनों से अधूरी है एक मां की पुकार… आखिर कहां है सेजल झा?



