बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी का मामला अभी पूरी तरह सुलझा भी नहीं है और इसी बीच राजधानी दिल्ली से नाबालिग से गैंगरेप की एक और गंभीर खबर सामने आई है। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की से तीन युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और लड़की को उसके दोस्त से अलग कर पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए। मामले में पुलिस ने एक आरोपी असिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
मंदिर में दर्शन के बाद पार्क पहुंची थी नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8:45 बजे पीसीआर को घटना की सूचना मिली। इसके बाद अमर कॉलोनी थाना पुलिस आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां नाबालिग अपने पुरुष मित्र के साथ मिली।
पुलिस को दिए बयान के अनुसार, लड़की अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों को रोका।
इसके बाद आरोपियों ने लड़की को उसके दोस्त से अलग कर दिया और उसे पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए।
हथियार दिखाकर दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि असिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद तीनों ने लड़की और उसके दोस्त को धमकाया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल कराया है। क्राइम टीम और एफएसएल ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
एक आरोपी मुठभेड़ में घायल, दो की तलाश
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी असिफ के बारे में जानकारी मिली। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मंगलवार तड़के अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास उसे घेरने की कोशिश की।
पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद असिफ ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल असिफ को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्टल और बाइक बरामद करने की बात कही है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
CCTV और मोबाइल डेटा से जांच
पुलिस अब आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के समय इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डेटा भी जुटाया जा रहा है, ताकि बाकी आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
मामले में अमर कॉलोनी थाने में FIR संख्या 354/26 दर्ज की गई है। इसमें BNS की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) और POCSO Act की धारा 6/17 के तहत कार्रवाई की गई है।
कहां सुरक्षित हैं लड़कियां?
जमुई की घटना के बाद सवाल उठे थे कि सार्वजनिक जगहों पर नाबालिग और महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं। अब दिल्ली में सामने आया यह मामला चिंता को और गंभीर बना रहा है। एक तरफ जमुई में पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है, तो दूसरी तरफ दिल्ली में भी गैंगरेप के दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
इसे भी पढ़े – 80 लाख से बदलेगी जिला परिषद के निरीक्षण भवन की तस्वीर, आयोजनों के लिए लोगों को मिलेगा नया विकल्प



