Friday, October 23

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लापता 30 वर्षीय गीता देवी का शव धान के खेत से बरामद हुआ। महिला दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटने के दौरान लापता हो गई थीं। उनकी तलाश के बीच परिजनों और ग्रामीणों ने अपहरण की आशंका जताते हुए मेदिनीनगर-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया था। इसी बीच महिला का शव मिलने की खबर सामने आई, जिसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की तलाश, धान के खेत में मिला शव

सड़क जाम की सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटवाया और महिला की तलाश शुरू की। इसी दौरान बसना गांव में धान के खेत से गीता देवी का शव बरामद किया गया। शव मिलने की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत की खबर से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वहीं, घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मामले की निष्पक्ष जांच करने और महिला की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि गीता देवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

इसे भी पढ़े – पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को नमन, डीआईजी और एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

Share.
Next Story
रांची के तिरुपति बालाजी मंदिर में पापांकुशा एकादशी पर होंगे विशेष अनुष्ठान, गुरुवार को श्रद्धालु दो पालियों में कर सकेंगे दर्शन
Exit mobile version