खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज डबल मर्डर मामला सामने आया है। पंगुरा गांव के जंगल से रविवार को 19 वर्षीय एक युवती का शव बरामद हुआ, जो आठ महीने की गर्भवती थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके गर्भ से मृत शिशु भी निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल से था प्रेम संबंध, फिर बदली स्थिति
पुलिस के अनुसार, अड़की थाना क्षेत्र की मृतका युवती का पंगुरा गांव निवासी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था, इसी दौरान वह गर्भवती हो गई थी। युवती सागर पर अपने और होने वाले बच्चे को साथ रखने का दबाव बना रही थी, लेकिन इस बीच सागर ने उससे दूरी बना ली और करीब दो महीने पहले ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
4 सितंबर से थी लापता, फिर मिला शव
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को युवती अपने अजन्मे बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से वह लापता हो गई थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में उसका शव बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में विवाद से बचने के लिए प्रेमिका को जंगल ले जाकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
इसे भी पढ़े – हजारीबाग: प्रिंस खान गैंग का नेटवर्क बेनकाब, तीन में से एक बदमाश गिरफ्तार, दो फरार
