एक सफेद पिकअप गाड़ी, बाहर से बिल्कुल खाली और अंदर छिपे थे 4 करोड़ रुपये! छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने जब इस गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो ऐसा गुप्त कंपार्टमेंट मिला, जिसके अंदर करोड़ों की नकदी रखी थी। अब सवाल है कि आखिर इस रकम का मालिक कौन है, पैसा कहां से आया और इसे कहां ले जाया जा रहा था? पुलिस ने कैश बरामद कर जांच शुरू कर दी है और दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, दुर्ग में खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक पिकअप गाड़ी में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सफेद पिकअप को रोककर तलाशी ली। गाड़ी में ड्राइवर समेत दो लोग सवार थे।
शुरुआती जांच में पिकअप खाली नजर आई, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली, तो गाड़ी के पिछले हिस्से में खास तरीके से बनाया गया एक छिपा हुआ कंपार्टमेंट मिला। इसी कंपार्टमेंट के अंदर से पुलिस ने 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए।
दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, गाड़ी में सवार दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है और नकदी के स्रोत तथा उसके गंतव्य का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
