Thursday, November 5

पलामू: सरकारी व्यवस्था में ड्यूटी पाने के लिए भी अगर पैसे देने पड़ें, तो भ्रष्टाचार की स्थिति समझी जा सकती है। पलामू में होमगार्ड जवानों को ड्यूटी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में पदस्थापित मुंशी साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मुंशी पर होमगार्ड जवानों को ड्यूटी आवंटित कराने के बदले अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी दिलाने के नाम पर लोगों से 10-10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसी से परेशान होकर एक शिकायतकर्ता ने एसीबी से इसकी शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। इसके बाद तय रणनीति के तहत जाल बिछाया गया और जैसे ही मुंशी ने 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एसीबी की टीम अपने साथ ले गई। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड कार्यालय में ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया और उसमें कथित तौर पर चल रही अवैध वसूली को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share.
Next Story
कविता, भाषण और कहानी वाचन में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, डीएवी हेहल में तीन दिवसीय साहित्यिक प्रतियोगिता संपन्न
Exit mobile version