रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में बुधवार से जेसीआई एक्सपो उत्सव 2026 की शुरुआत होने जा रही है। 1 से 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश के अलग-अलग शहरों से आए करीब 400 स्टॉल्स लगाए जाएंगे। बड़े ब्रांड्स और स्टार्टअप्स के साथ ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स समेत कई तरह के उत्पादों के स्टॉल यहां आकर्षण का केंद्र होंगे। इस साल एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है।

आयोजकों के मुताबिक सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं रखा गया है। यहां बच्चों और महिलाओं के लिए अलग-अलग गतिविधियों के साथ रोजाना प्रतियोगिताएं और मनोरंजन के कार्यक्रम भी होंगे।
महिलाओं के लिए पिंक हैंगर, बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क
एक्सपो में महिला उद्यमियों के लिए विशेष पिंक हैंगर तैयार किया गया है। इसमें सिर्फ महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद और कारोबार प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल दिए गए हैं।
वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क बनाया गया है, जहां अलग-अलग तरह के झूले लगाए गए हैं। आयोजकों ने बताया कि एक्सपो परिसर में हर दिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
जूनियर मास्टरशेफ से डॉग शो तक कई प्रतियोगिताएं
एक्सपो के पहले दिन बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे अलग-अलग व्यंजन तैयार करेंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके बाद 2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला होगा। 3 अक्टूबर को डॉग शो और वॉइस ऑफ एक्सपो, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 7 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो के साथ आयोजन का समापन होगा।
प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए इस बार QR कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। इसी माध्यम से एंट्री टिकट भी बुक किए जा सकते हैं।
3 अक्टूबर को नाइट मार्केट, 6 को भजन जैमिंग
इस बार एक्सपो में रांचीवासियों के लिए विशेष रूप से नाइट मार्केट का भी आयोजन किया जा रहा है। 3 अक्टूबर को रात 9 बजे से 12 बजे तक एक्सपो के सभी स्टॉल खुले रहेंगे। इस दौरान लाइव बैंड की प्रस्तुति भी होगी।
वहीं 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
400 स्टॉल्स में दिखेगा कारोबार और नए ब्रांड्स का संगम
जेसीआई के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने 30 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार एक्सपो में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 स्टॉल्स लगाए जा रहे हैं। इनमें बड़े ब्रांड्स के साथ स्टार्टअप्स और अलग-अलग कारोबारी श्रेणियों से जुड़े स्टॉल शामिल होंगे।
‘एक्सपो उत्सव 2026’ के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। इसके अलावा टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में जुड़े हैं। आयोजन के लिए हॉस्पिटैलिटी, एजुकेशन, ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी, फूड, सिक्योरिटी, ट्रैवल, ग्रोसरी और अन्य क्षेत्रों से भी कई संस्थाएं पार्टनर के रूप में जुड़ी हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेसीआई रांची चैप्टर के अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल समेत संस्था के कई पदाधिकारी और एक्सपो से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस का संयोजन जेसी सिद्धार्थ चौधरी ने किया। इसकी जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।
इसे भी पढ़े – जमीन की मापी के लिए मांगे 2 लाख और 4 डिसमिल जमीन, 50 हजार लेते अमीन गिरफ्तार


