रांची: राजधानी रांची के वार्ड संख्या-06 में रहने वाले लोगों की परेशानी अब सिर्फ बरसात तक सीमित नहीं रह गई है। जयप्रकाश नगर से दीपाटोली चौक तक सड़क, नाली और जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोग लंबे समय से जूझ रहे हैं। कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आखिरकार मोहल्लेवासियों ने थक-हारकर नगर निगम का दरवाजा खटखटाया और लिखित आवेदन देकर स्थायी समाधान की मांग की है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोहल्ले में शुरू से ही नाली की समुचित व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी और बारिश का पानी सोख्ता में जाता है। आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था उसी अनुपात में विकसित नहीं हो पाई है। नतीजा यह है कि लोगों को पूरे साल जलजमाव की परेशानी झेलनी पड़ती है और बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है।

जलजमाव के कारण लोगों के लिए घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और मच्छरों का खतरा बढ़ता है, जिससे खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने के बाद भी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वह ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाती और दोबारा खराब हो जाती है।
वार्ड संख्या 6 की बदहाल सड़क और जलजमाव से परेशान लोग, थक-हारकर नगर निगम को लिखा पत्र
इसी समस्या को लेकर वार्ड-06 के नागरिकों की ओर से वार्ड पार्षद, महापौर, नगर आयुक्त, रांची के सांसद और मुख्यमंत्री को भी जानकारी देने के साथ लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में प्राण गाड़ी कॉम्प्लेक्स के दुकान से लेकर न्यू नगर शिव मंदिर होते हुए दीपाटोली चौक तक सड़क के मरम्मतीकरण एवं कालीकरण और नाली निर्माण की मांग की गई है।

मोहल्लेवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि इलाके में सरकारी जमीन पर बालू माफिया और असामाजिक तत्वों द्वारा निर्माण सामग्री के भंडारण और अतिक्रमण की शिकायतों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि निर्माण सामग्री के अनियमित भंडारण से सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, धूल-मिट्टी फैल रही है और आसपास की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामचंद्र भगत, बिनोद तिवारी और आनंद खलको ने जनहित में इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद कर रहे हैं। अब उनकी मांग सिर्फ सड़क की मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था की है जिससे सड़क, नाली और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि जब शिकायतों और इंतजार के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब मजबूरी में लिखित आवेदन देना पड़ा है। अब उनकी नजर नगर निगम की कार्रवाई पर है।
इसे भी पढ़े – Cyber Fraud के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस की पाठशाला, अमृतनगर हाई स्कूल में छात्रों को ठगी से बचने के बताए गए तरीके


