Friday, October 23

Ranchi: राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमलोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी देने की उद्देश्य से रांची पुलिस ने शुक्रवार को विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया. अभियान की शुरुआत कांटा टोली चौक से की गयी. इस अभियान की खास बात यह रही कि ट्रैफिक नियमों की जानकारी आर्चरी से जुड़ा मस्कट(शुभंकर) टाईगर प्रताप दे रहा था. वो लोगों को अनोखे अंदाज में ट्रैफिक नियमों की जानकारी दे रहा था. इस जागरूकता कार्यक्रम में रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे. इन सभी अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों से संवाद किया और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व को समझाया.

मस्कट के जरिए अनोखा संदेश

अभियान के दौरान आर्चरी मस्कट को विशेष रूप से शामिल किया गया, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. मस्कट के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार खेल में निशानेबाजी के लिए सटीक अनुशासन और नियमों का पालन जरूरी है, ठीक उसी तरह सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना अनिवार्य है. राहगीरों और वाहन चालकों ने इस रचनात्मक पहल की काफी सराहना की.

आम जनता को दी गई मुख्य जानकारियां

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और ट्रैफिक टीम ने लोगों को नियमों के प्रति लोगों को अगाह किया. लोगों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें. साथ ही अधिकारियों ने ट्रैफिक रेड लाइट और जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का सख्ती से पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने और निर्धारित गति सीमा में ही गाड़ी चलाने की अपील भी की. पुलिस के इस पहल को लोगों ने काफी सराहा.

Share.
Next Story
कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं का धरना, अकाउंटेंट पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप… शिकायत के बाद निलंबित
Exit mobile version