Friday, October 23

रांची: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका के बीच झारखंड में मौसम बिगड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना है। इसका असर 30 अक्टूबर तक बना रह सकता है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 23 अक्टूबर की सुबह पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना। इसके 24 अक्टूबर तक अवदाब और 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। अनुमान है कि 26 अक्टूबर को यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। 28 अक्टूबर की सुबह तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के करीब पहुंचने की आशंका है।

इस मौसमी प्रणाली का असर 27 अक्टूबर से झारखंड में दिखने लगेगा। राज्य में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को इसका प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में मौसम का असर ज्यादा पड़ सकता है। इस दौरान तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। 30 अक्टूबर को भी मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, एक नवंबर से मौसमी प्रणाली के उत्तर प्रदेश और नेपाल की ओर बढ़ने पर झारखंड में इसका प्रभाव कम होने की संभावना है।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को धान की पकी फसल और सब्जियों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़े – गुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, PLFI का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी तीन साथियों के साथ गिरफ्तार

Share.
Next Story
रांची में SIR के विरोध में सड़कों पर उतरे कई संगठन, शहीद चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला प्रोटेस्ट मार्च
Exit mobile version