Wednesday, October 14

धनबाद/रांची: ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के धारजोड़ी गांव के पास बुधवार सुबह जंगली सूअर के हमले में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गांव निवासी हेमलाल किस्कु और उनके बहनोई परमेश्वर टुड्डू के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद में भर्ती कराया गया है। हेमलाल किस्कु की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शौच के लिए जंगल गए थे दोनों, अचानक सामने आया जंगली सूअर

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह हेमलाल किस्कु अपने बहनोई परमेश्वर टुड्डू के साथ गांव के पास स्थित जंगल की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक एक बड़ा जंगली सूअर वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि जंगली सूअर ने पहले हेमलाल किस्कु को उठाकर पटक दिया। इसके बाद उसने परमेश्वर टुड्डू को भी धक्का देकर गिरा दिया। दोनों के जमीन पर गिरने के बाद सूअर ने उन पर हमला करना शुरू कर दिया।

सिर, हाथ और पैर में आई गंभीर चोटें

जंगली सूअर के हमले में हेमलाल किस्कु के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, परमेश्वर टुड्डू भी घायल हो गए। दोनों ने बचाव के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख जंगली सूअर दोनों घायलों को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को आनन-फानन में एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत

इस घटना के बाद धारजोड़ी गांव और आसपास के इलाके के लोगों में डर का माहौल है। जंगल के पास जंगली सूअर के हमले की घटना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि हेमलाल किस्कु की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Share.
Next Story
IIT-ISM धनबाद में सफाई मित्रों को सलाम, उत्कृष्ट काम करने वालों को मिला सम्मान
Exit mobile version