Friday, October 30

चाईबासा: शादी समारोह से लौट रहे लोगों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारातियों से भरी एक पिकअप वैन भीषण हादसे का शिकार हो गई। मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई खजूर पुलिया के पास देर रात पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के सरगीगड़ा गांव से करीब एक दर्जन लोग आनंदपुर के हरता गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात सभी पिकअप वैन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मेदासाई खजूर पुलिया के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। पिकअप पहले सड़क किनारे बने गार्डवाल से टकराई और फिर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर गिर गया और पिकअप पलट गई। इस दौरान एक युवक वाहन और पेड़ के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल सात अन्य लोगों का इलाज जारी है।

Share.
Next Story
घरेलू विवाद में खूनी वारदात: जामताड़ा में टांगी से हमला कर पत्नी की हत्या, खुद का भी काटा गला 
Exit mobile version