Tuesday, October 13

रांची: राजधानी में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर रांची पुलिस ने रविवार को समीक्षा बैठक की। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान SSP ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।

अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश

SSP ने थाना स्तर पर नियमित रूप से आम लोगों से संवाद स्थापित करने और पुलिस-पब्लिक संबंध मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही अपराधियों, असामाजिक तत्वों और जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।

निगरानी और डोजियर से जुड़े प्रस्तावों में तेजी लाने के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन और मोबाइल व बैग गुम होने से जुड़े मामलों का भी जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

चेन स्नैचिंग और नशे के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

बैठक में चेन स्नैचिंग, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, चोरी, गृहभेदन और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

सभी थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर नियमित बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

रात की गश्ती होगी और प्रभावी

SSP ने रात्रिकालीन गश्ती को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को रात में नियमित क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी DSP को अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस गश्ती और अन्य पुलिस गतिविधियों की लगातार निगरानी एवं पर्यवेक्षण करने को कहा गया।

POCSO और गुमशुदगी के मामलों की होगी नियमित समीक्षा

POCSO मामलों की नियमित समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों और बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित बरामदगी और ट्रेसिंग के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

वहीं, लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं का भी जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

SSP ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा रांची पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

Share.
Next Story
धरना-प्रदर्शन और जुलूस को लेकर रांची प्रशासन की अपील, अनुमति लेना जरूरी
Exit mobile version