रांची: दुर्गापूजा से लेकर दीपावली और छठ तक रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ना तय है। रांची रेल मंडल को भी इस बार रोजाना यात्रियों की संख्या करीब 50 हजार से बढ़कर 80 हजार तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में रेलवे ने भीड़ संभालने के लिए 14 स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ रांची और हटिया स्टेशन पर कई इंतजाम किए हैं।

रांची रेल मंडल से और रांची होकर चलने वाली इन स्पेशल ट्रेनों से त्योहार में घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। अजमेर-रांची, रांची-अलीपुरद्वार और रांची-आनंद विहार के अलावा हटिया से मुंबई और बेंगलुरु के लिए भी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन भी रांची होकर गुजरेगी। स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया-बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी गई है।
टिकट लेकर सीधे प्लेटफॉर्म नहीं…होल्डिंग एरिया में करना पड़ेगा इंतज़ार
त्योहार के दिनों में स्टेशन पर भीड़ ज्यादा हुई तो रेलवे यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने देने के बजाय पहले होल्डिंग एरिया में रखेगा। भीड़ कम होने के हिसाब से यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
होल्डिंग एरिया में बैठने की जगह, पंखे और पेयजल की व्यवस्था रहेगी। ट्रेन कब आएगी और किस प्लेटफॉर्म पर जाएगी, इसकी जानकारी भी यात्रियों को दी जाएगी।
इन ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
सिर्फ स्पेशल ट्रेनें चलाने तक रेलवे की तैयारी सीमित नहीं है। रांची-गोड्डा, रांची-चोपन और रांची-आरा समेत कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को जगह मिल सके।
स्टेशन पर भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त टिकट और UTS काउंटर खोले जाएंगे। सुरक्षा के लिए RPF और GRP की अतिरिक्त तैनाती होगी, जबकि CCTV से स्टेशन परिसर पर नजर रखी जाएगी।
10 अक्टूबर से प्लेटफॉर्म टिकट 20 रुपये
त्योहार के दौरान स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ कम करने के लिए 10 अक्टूबर से 29 नवंबर तक रांची और हटिया स्टेशन का प्लेटफॉर्म टिकट 10 की जगह 20 रुपये का होगा।
वहीं रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार भी 10 अक्टूबर से आंशिक रूप से खोल दिया जाएगा।
यात्रियों की किसी भी परेशानी या ट्रेन से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे का 24×7 वॉर रूम सक्रिय रहेगा। इसके लिए 9835921955 नंबर जारी किया गया है।


