रांची: छठ महापर्व के अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से राजभवन के निकट स्थित हटिया तालाब में दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच करीब 2100 हनुमान चालीसा की प्रतियों का निःशुल्क वितरण किया गया। वहीं, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले करीब 50 लोगों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
रविवार को प्रथम अर्घ्य और सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। ट्रस्ट की ओर से विशेष कैनोपी लगाकर श्रद्धालुओं के बीच हनुमान चालीसा का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड के राज्यपाल भी छठ व्रतियों के बीच मौजूद रहे। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को हनुमान चालीसा भेंट की। वहीं, रांची के उपायुक्त को भी हनुमान चालीसा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी और झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने संस्था की भावी योजनाओं की जानकारी भी दी। ट्रस्ट के अनुसार, पतरातू में भगवान हनुमान और बाबा नीम करौली का भव्य मंदिर बनाने की योजना है। इसके साथ ही जरूरतमंदों के लिए अनाथालय और वृद्धाश्रम की स्थापना भी की जाएगी।
ट्रस्ट का कहना है कि धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा, परोपकार और जरूरतमंदों की सहायता करना भी उसकी प्राथमिकता है। बाबा नीम करौली के सेवा और करुणा के संदेश से प्रेरित होकर संस्था धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष कुमार, उपाध्यक्ष बिश्वजीत पॉल, सचिव महेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव राजेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार, सह-कोषाध्यक्ष अविनाश कुमार मिश्रा, प्रवक्ता दीपेश कुमार निराला, सोशल मीडिया प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा सहित कार्यकारिणी के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।


