Wednesday, October 14

हजारीबाग: पहले करीब 30 किलो की बकरी को निगला, फिर लोगों की आहट पाकर जंगल की घनी झाड़ियों में जा छिपा। हजारीबाग के अमनारी गांव में एक विशालकाय अजगर को लेकर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। अजगर के दिखने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अजगर जंगल में ओझल हो चुका था। घंटों की तलाश के बाद वह पास के एक नाले में मिला। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

शोरगुल के बीच जंगल में गायब हुआ अजगर

मौके पर लोगों की भीड़ और शोरगुल के बीच अजगर पास के जंगल की ओर चला गया। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद रेस्क्यू टीम गांव पहुंची। लेकिन अजगर का कोई पता नहीं चल रहा था। इलाके में छह फीट से अधिक ऊंची घनी झाड़ियां होने के कारण उसकी तलाश करना आसान नहीं था। टीम काफी देर तक आसपास के जंगल में खोजबीन करती रही। आखिरकार, अजगर पास के एक नाले में दिखाई दिया।

नाले से बाहर निकालने में छूटे पसीने

अजगर को नाले से सुरक्षित निकालना रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती बन गया। टीम ने सावधानी बरतते हुए उसे बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से अजगर को सड़क तक लाया गया। पूरे रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

बकरी की मौत, स्वस्थ होने के बाद अभयारण्य में छोड़ा जाएगा अजगर

इस घटना में बकरी की मौत हो गई। वहीं, अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसके इलाज की व्यवस्था की गई। रेस्क्यू टीम के अनुसार, पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद अजगर को वन्यजीव अभयारण्य में छोड़ दिया जाएगा।

Share.
Next Story
सदर अस्पताल में सुपरवाइजर की पिटाई के बाद दो आरोपियों को भेजा गया जेल…वही ठेकेदार को 15 दिन की मोहलत…
Exit mobile version