Friday, October 2

रांची: 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड महिला हॉकी टीम की चयन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित इस खुली चयन ट्रायल में राज्य के विभिन्न जिलों और संस्थानों से पहुंची 52 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

सिमडेगा, खूंटी, रांची, गुमला की खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल

ट्रायल में सिमडेगा, खूंटी, रांची और गुमला सहित राज्य के अन्य क्षेत्रों की खिलाड़ियों के साथ रेलवे व अन्य संस्थानों से जुड़ी महिला खिलाड़ी भी शामिल हुईं। कई घंटे तक चली इस चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की फिटनेस, हॉकी कौशल, पासिंग, ड्रिब्लिंग, बॉल कंट्रोल, गेम सेंस और मैदान पर प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया गया। इस मूल्यांकन के आधार पर चयनकर्ताओं ने 30 खिलाड़ियों का चयन किया।

अब लगेगा प्रशिक्षण शिविर, अंतिम 18 का होगा चयन

चयनित 30 खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले एक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें उनके प्रदर्शन, फिटनेस और टीम के लिए उपयोगिता का आकलन होगा। शिविर के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम रूप से 18 खिलाड़ियों को चुना जाएगा, जो राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा- मजबूत आधार का संकेत

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने कहा कि सीनियर स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम चयन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का पहुंचना झारखंड में महिला हॉकी के मजबूत आधार को दर्शाता है। उनके अनुसार चयन के दौरान सिर्फ वर्तमान प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि फिटनेस और टीम की जरूरत के हिसाब से क्षमता को भी परखा गया।

सावित्री पूर्ति समेत कई पदाधिकारी रहे मौजूद

ट्रायल के दौरान झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति भी मौजूद रहीं। इसके अलावा हॉकी झारखंड के कोषाध्यक्ष असृता लकड़ा, संयुक्त सचिव दुलारी टोपनो, महानिदेशक विजय शंकर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़े – 24 मिनट में 37 करोड़ की डकैती! 23 किलो सोना और 47 लाख कैश लेकर भागे बदमाश, पूरे जमशेदपुर की सीमाएं सील

Share.
Next Story
AI डीपफेक विवाद: “मामला केवल एक महिला का नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री का भी है” — दिल्ली हाईकोर्ट का आपत्तिजनक तस्वीर हटाने का सख्त आदेश
Exit mobile version