गोमिया: बड़की पुन्नू–रजरप्पा मुख्य मार्ग पर करीब 35 हाथियों का झुंड मौजूद होने की सूचना से इलाके में सतर्कता बढ़ गई है। इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को सावधान रहने की अपील की गई है। लोगों को फिलहाल इस रास्ते से आवागमन करने से बचने और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
हाथियों के झुंड के बीच से निकलने या उनके करीब जाकर फोटो और सेल्फी लेने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है। उन्हें पत्थर मारने, शोर मचाने, पटाखे फोड़ने या किसी भी तरह से उकसाने से भी बचने की अपील की गई है। इससे हाथी आक्रामक हो सकते हैं और लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
शाम और रात में विशेष सतर्कता बरतने की अपील
ग्रामीणों को खासकर शाम और रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। खेतों और सुनसान इलाकों में जाने से भी परहेज करने को कहा गया है। हाथियों की गतिविधियों या उनके आगे बढ़ने की दिशा में बदलाव की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है।
हाथियों को घेरने या रास्ता रोकने की न करें कोशिश
लोगों से हाथियों के झुंड को घेरने, खदेड़ने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचने को कहा गया है। साथ ही, आसपास के ग्रामीणों और यात्रियों को भी सतर्क करने की अपील की गई है।
फिलहाल बड़की पुन्नू–रजरप्पा मार्ग पर सफर करने वालों के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। हाथियों से दूरी बनाए रखें और झुंड के आसपास भीड़ जुटाने या तस्वीरें लेने के लिए रुकने से बचें।


