Tuesday, October 13

कर्रा प्रखंड के पीएम श्री उच्च विद्यालय तिलमी में फूड पॉइजनिंग के बाद बीमार हुए 64 स्कूली बच्चों में से 60 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चार बच्चों का अभी भी कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज चल रहा है। इन बच्चों को लूज मोशन, पेट दर्द और बुखार की शिकायत है।

फूड पॉइजनिंग के बाद बच्चों को रविवार रात और सोमवार को इलाज के लिए कर्रा सीएचसी में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने लगातार बच्चों का इलाज किया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सोमवार देर शाम 24 बच्चों को घर भेज दिया गया।

इसके बाद मंगलवार को सीएचसी में 40 बच्चों का इलाज किया गया। इनमें से 36 बच्चों की तबीयत में सुधार होने के बाद मंगलवार दोपहर बाद उन्हें भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस तरह अब तक कुल 60 बच्चों को घर भेजा जा चुका है।

चार बच्चों का सीएचसी में इलाज जारी

फिलहाल कर्रा सीएचसी में चार बच्चे भर्ती हैं। इनमें तिलमी गांव की निधि कुमारी और सूर्य कुमार, बरवादाग गांव की नूझरत प्रवीण और बमरजा गांव की खुशबू कुमारी शामिल हैं।

इन बच्चों को अभी भी लूज मोशन, पेट दर्द और बुखार की शिकायत बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

बीडीओ और सिविल सर्जन ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मंगलवार को कर्रा बीडीओ स्मिता नगेशिया और खूंटी सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक कर्रा सीएचसी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने फूड पॉइजनिंग से प्रभावित बच्चों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

अधिकारियों ने सीएचसी प्रभारी पीसी झा से बच्चों के इलाज और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि किसी भी बच्चे की तबीयत बिगड़ने या परेशानी बढ़ने पर तत्काल सूचना दी जाए।

जरूरत पड़ने पर बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेजने की भी बात कही गई है।

फिलहाल 60 बच्चों की तबीयत में सुधार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है, जबकि चार बच्चे डॉक्टरों की निगरानी में कर्रा सीएचसी में भर्ती हैं।

इसे भी पढ़े – मिड-डे मील खाने के बाद 48 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, कोडरमा के स्कूल में मचा हड़कंप

Share.
Next Story
जितिया नाच से लौट रही 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
Exit mobile version