Tuesday, October 13

जमशेदपुर: गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों की डकैती के 9 दिन बाद भी पांचों हथियारबंद संदिग्ध पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। 24 सितंबर की सुबह बैंक खुलते ही अपराधियों ने करीब 23 किलो सोना और 42 से 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। सोने की अनुमानित कीमत करीब 33 से 36 करोड़ रुपये बताई गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस की SIT लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। वहीं, पुलिस के अनुसार लूट के बाद पांचों संदिग्ध लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं और पुलिस को चकमा दे रहे हैं। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों और उनके भागने के रास्तों को खंगाल रही हैं।

पांचों संदिग्धों की तस्वीर जारी

जांच में सामने आए पांच संदिग्धों की तस्वीर पुलिस ने अब जारी कर दी है। पुलिस ने इनकी पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को हर संदिग्ध पर 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यानी पांचों संदिग्धों के संबंध में सूचना देने पर कुल 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जा सकता है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तस्वीर में दिखने वाले किसी भी संदिग्ध के बारे में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी पुलिस ने कही है।

24 मिनट में पूरी वारदात

24 सितंबर की सुबह करीब 9:15 बजे बारिश के बीच पांच हथियारबंद अपराधी रेनकोट पहनकर गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दाखिल हुए थे। बैंक के अंदर पहुंचने के बाद अपराधियों ने कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को अपने कब्जे में लिया और बैंक में रखे सोने और नकदी को लूट लिया।

पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात को करीब 24 मिनट में अंजाम दिया गया। इसके बाद पांचों अपराधी लूट का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।

कई दिशाओं में जांच कर रही SIT

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया है। टीम CCTV फुटेज के अलावा अपराधियों की गतिविधियों, संभावित भागने के रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच का दायरा झारखंड के बाहर तक भी बढ़ाया गया है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती पांचों संदिग्धों तक पहुंचने के साथ-साथ लूटे गए करीब 23 किलो सोने और लाखों रुपये की बरामदगी की है। पुलिस द्वारा संदिग्धों की तस्वीर जारी करने और इनाम की घोषणा के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से मिलने वाली सूचना भी अहम हो सकती है।

इसे भी पढ़े – झारखंड की सबसे बड़ी बैंक डकैती के बाद एक्शन मोड में पुलिस, बिरसानगर थाना प्रभारी को किया गया निलंबित

Share.
Next Story
प्रेमानंद महाराज का आश्रम विवादों में: शिष्य की संदिग्ध मौत, युवती और बच्चे समेत कई लोगों के लापता होने से उठे सवाल
Exit mobile version