हजारीबाग/बरकट्ठा: कुरकुरे खाते समय पैकेट में निकला बैलून दो साल के मासूम शिवम कुमार की मौत की वजह बन गया। हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में बैलून निगलने के बाद बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
घटना रविवार शाम करीब पांच बजे बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बरकट्ठाडीह स्थित साहू टोला की है। मृतक की पहचान शिवम कुमार, पिता मनोज साव के रूप में हुई है।
कुरकुरे खाते समय निगल गया बैलून
बरकट्ठा उत्तरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बसंत साव के मुताबिक, शिवम दुकान से लाए गए ‘बैलून्स’ नामक कुरकुरे खा रहा था। बताया गया कि यह उत्पाद धनबाद के कतरास स्थित मां तारा फूड प्रोडक्ट द्वारा निर्मित है। इसी दौरान बच्चा कुरकुरे के साथ पैकेट में मौजूद बैलून भी निगल गया।
इसके बाद शिवम की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। बच्चे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की।
अस्पताल पहुंचने से पहले थम गईं सांसें
परिजन शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकट्ठा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकीय सहायता मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई। दो साल के बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना ने बच्चों के लिए बिकने वाले स्नैक्स के पैकेट में रखी जाने वाली अतिरिक्त वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।


