रांची: राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र में अवैध महुआ चुलाई शराब की बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। कोतवाली अंचल के सब-इंस्पेक्टर ओमप्रकाश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने 62 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण साहू, सुकरा मुंडा और सुगिया देवी के रूप में हुई है। विभाग की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
जुर्माना भरने की जताई इच्छा
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने विभाग की ओर से निर्धारित जुर्माना भरने की इच्छा जताई है। जुर्माना जमा करने की स्थिति में उन्हें चेतावनी देकर छोड़े जाने की संभावना है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय विभागीय प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध महुआ चुलाई शराब की बिक्री पर रोक लगाना है।


