रांची: अरुणोदय क्रिकेट अकादमी ने वर्ष 2026-29 के लिए नई कमेटी का गठन किया है। रविवार को हुई बैठक में तीन साल के कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। नई कमेटी में कुलवंत सिंह को अध्यक्ष, संजय कुमार शर्मा को उपाध्यक्ष और प्रभात कुमार को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमेटी में सुरभि विद्यार्थी को संयुक्त सचिव और ताबीज मलिक को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, प्रमोद कुमार सिंह, बंशीधर सारंगी, मनोज सिंह, कमलनाथ सहदेव, संतोष सहाय, अमूल्य सिन्हा, कुमुद झा और राजेंद्र कुमार को कार्यकारिणी सदस्य एवं मेंटर के रूप में शामिल किया गया है।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
बैठक में अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। हेड कोच अरुण विद्यार्थी ने खिलाड़ियों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल उपलब्ध कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर ध्यान देना होगा।
इस पर नवनियुक्त अध्यक्ष कुलवंत सिंह ने खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुसार आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। नई कमेटी ने अकादमी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही।


