रांची: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की है। यह ट्रेन रांची समेत झारखंड और अन्य राज्यों के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन संख्या 08061 संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल 26 अक्टूबर को संतरागाछी से दोपहर 2 बजे रवाना हुई। ट्रेन शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इसके बाद पुरुलिया होते हुए रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी। रांची स्टेशन से यह ट्रेन रात 11:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
झारखंड से यूपी और राजस्थान तक होगा सफर
रांची से आगे ट्रेन लोहरदगा के रास्ते टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड और जपला सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। इसके बाद ट्रेन डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और दौसा होते हुए अगले दिन रात 11 बजे राजस्थान के खातीपुरा पहुंचेगी।
इस रूट से झारखंड के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर जाने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। हालांकि, ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस का नियमित परिचालन कब से शुरू होगा, इसकी तारीख रेलवे ने अभी घोषित नहीं की है।
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छठ महापर्व को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं और अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने और उन्हें राहत देने में मदद मिल सके।
इसे भी पढ़े ; झारखंड में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, धान की फसल पर मंडराया खतरा


