पलामू: जिले के 132 गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए ग्राम विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई है। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय अभिसरण समिति (DLCC) की बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (PMAGY) के 127 और आदर्श ग्राम योजना (AGY) के पांच गांवों की योजनाओं का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
127 गांवों के लिए 78.29 करोड़ की योजना
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 127 गांवों के लिए कुल 78 करोड़ 29 लाख 28 हजार 428 रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इसमें गैप फिलिंग फंड के तहत प्रति गांव 20 लाख रुपये का प्रावधान शामिल है। इसका उद्देश्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करना और जरूरी विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है।
पांच गांवों में आजीविका पर फोकस
आदर्श ग्राम योजना के तहत भंडार, कुसुआ, सुआ, एरुआ और करर कलां गांवों के लिए आजीविका आधारित योजनाएं मंजूर की गई हैं। व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं के लिए प्रति गांव 10 लाख रुपये और समूह आधारित योजनाओं के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक राशि की मांग संबंधित विभाग को भेजने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त मो. सादात अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


