रांची। राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में पुलिस और गिरोह के कथित शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद नाम का एक अपराधी घायल हो गया। पुलिस ने घायल शाहिद समेत दोनों आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास फायरिंग कर दहशत फैलाने की घटना में राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। इसके साथ ही आरोपी गुमला में शिवालया कंस्ट्रक्शन पर गोलीबारी की घटना में भी शामिल था। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मंगलवार को दोनों अपराधियों के विधानसभा थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली।
पुलिस को निशाना बनाकर की फायरिंग
सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस की टीम ने दोनों संदिग्धों का पीछा करना शुरू किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें शाहिद को गोली लग गई। घायल होने के बावजूद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

एसएसपी ने दी मुठभेड़ की जानकारी
रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि कांके थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना में राहुल सिंह गिरोह के दो अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को दोनों के विधानसभा थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई की। इसी दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शाहिद घायल हो गया।
पुलिस अब पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में उनकी भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।


