पतरातू प्रखंड की महिलाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षा अगले आदेश तक टली, खराब मौसम और जलभराव के बीच प्रशासन ने लिया फैसला

रामगढ़। जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पर चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ का असर देखने को मिला है। लगातार हो रही बारिश और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) स्थगित कर दी है। परीक्षा अब अगले आदेश तक आयोजित नहीं होगी। प्रशासन ने यह निर्णय अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है।
गुरुवार सुबह से ही रामगढ़ जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। खराब मौसम और मूसलाधार बारिश के कारण परीक्षा स्थल पर दौड़ आयोजित करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे में जिला प्रशासन ने परिस्थितियों का आकलन करते हुए परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा स्थल पर मौजूद महिला अभ्यर्थियों से विचार-विमर्श किया गया। उनकी सहमति के बाद दौड़ स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
केवल पतरातू की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा स्थगित
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा स्थगित करने का फैसला केवल पतरातू प्रखंड की उन महिला अभ्यर्थियों के लिए लागू है, जिनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा 29 अक्टूबर को निर्धारित थी। इन अभ्यर्थियों को परीक्षा की अगली तिथि के संबंध में प्रशासन के नए आदेश का इंतजार करना होगा।
अन्य प्रखंडों में बहाली प्रक्रिया रहेगी जारी
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौसम के कारण लिया गया फैसला जिले के अन्य प्रखंडों की बहाली प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगा। शेष प्रखंडों की शारीरिक दक्षता परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें, ताकि किसी भी बदलाव की जानकारी समय पर मिल सके।
फिलहाल, पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की दौड़ की नई तिथि घोषित नहीं की गई है। परीक्षा को लेकर आगे का निर्णय मौसम की स्थिति और जिला प्रशासन के अगले आदेश के आधार पर लिया जाएगा।


