भाजपा प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दिल्ली में होने वाले लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को खतरा कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं से है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता लगातार संवैधानिक संस्थाओं का विरोध कर रहे हैं और अलग-अलग तरह के नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, तो कभी फर्जी वोटर का मुद्दा उठाया जाता है। इसके अलावा एसआईआर का भी विरोध किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने और अराजकता की स्थिति को रोकने के उद्देश्य से पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 नवंबर को गिरिडीह जिले में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस अभियान के जरिए भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की नीतियों तथा गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।
सरकार पर साधा निशाना
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार कानूनी और गैरकानूनी, दोनों तरीकों से जनता को लूटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी तिजोरी भरने में जुटी है। कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेकर भी जनता का शोषण किया जा रहा है। ऐसी सरकार से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती।
गिरिडीह विधानसभा सीट पर बार जीत का दावा
पिछले विधानसभा चुनाव में गिरिडीह सीट पर भाजपा की हार और पार्टी के भीतर आपसी खींचतान को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले चुनाव में पार्टी को मामूली वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इस बार सभी लोग मिलकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव की कमी की भरपाई करते हुए भाजपा इस बार अच्छे वोटों से जीत हासिल करेगी।
गिरिडीह में उपचुनाव की तैयारियों और प्रत्याशी की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में घूमकर जनता से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग 365 दिन जनता के बीच रहते हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल मुख्य रूप से चुनाव और विधायक-सांसद बनने के लिए राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा देश, समाज और क्षेत्र के लिए राजनीति करती है। चुनाव की घोषणा होने के बाद पार्टी प्रत्याशी को लेकर निर्णय लेगी।


