हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में अपहरण की एक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपहरण में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो और एक क्रेटा कार भी बरामद की गई है।

अपहृत मैनेजर की पहचान भास्कर कुमार के रूप में हुई है। वह चरही थाना क्षेत्र की तापिन साउथ सीसीएल परियोजना में काम करने वाली एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी में मैनेजर हैं।
रात में हुआ अपहरण, एसपी ने बनाई विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे पुलिस अधीक्षक को मैनेजर भास्कर कुमार के अपहरण की सूचना मिली थी। बताया गया कि तापिन साउथ सीसीएल परियोजना से उनका अपहरण कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया। इस टीम में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), विष्णुगढ़ के एसडीपीओ, चरही थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
वाहनों की पहचान कर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी काले रंग की एक क्रेटा और दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद मैनेजर को जबरन अपने साथ ले गए थे।
पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक काली स्कॉर्पियो और चंदवारा थाना क्षेत्र से एक काली क्रेटा कार बरामद की गई। पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र से ही अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को सकुशल मुक्त करा लिया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, पेन ड्राइव भी बरामद
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश यादव, विक्की कुमार, आनंद कुमार मेहता, दिलीप प्रसाद मेहता और मनीष कुमार के रूप में हुई है। सभी हजारीबाग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो, एक क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव भी जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है।


