रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सावन बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों की पहचान ममता देवी और उनकी मां सोनिया देवी के रूप में हुई है।

पत्नी पर शक को लेकर हुआ था विवाद
सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात आरोपी सावन बिरहोर अपनी ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पत्नी पर शक को लेकर उसका विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी ममता देवी और सास सोनिया देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इलाज के दौरान दोनों महिलाओं की मौत
घटना के बाद घायल ममता देवी और सोनिया देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी। रविवार को इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सावन बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


